बिहार के रोहतास जिले के सासाराम में दो पक्षों के विवाद के बाद हिंसा की खबर आ रही है। बताया जा रहा है कि हिंसा के दौरान दोनों पक्षों की ओर से पत्थरबाजी की गई। इस दौरान वाहनों में तोड़फोड़ की गई। इतना ही नहीं लोगों ने कई झोपड़ीनुमा दुकानों को भी आग के हवाले कर दिया है। जिसके बाद मौके पर हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।
बताया जा रहा है कि दो पक्षों के विवाद के बाद पत्थरबाजी और वाहनों में तोड़फोड़ की गई। एक झोपड़ीनुमा दुकान आग लगने के बाद तनाव का स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। घटना के बाद गोला बाजार जाने वाली सड़कें पत्थर और ईट से पूरी तरह से पटी हुई हैं। वहीं, कई बाइकों में तोड़फोड़ भी की गई है।
सासाराम की गोला बाजार, कादिरगंज, मुबारकगंज, चौखंडी और नवरत्न बाजार पूरी तरह से बंद हैं। डीएम धर्मेंद्र कुमार और एसपी विनीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे हैं। पुलिस-प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति अभी भी बनी हुई है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो दिन बाद सासाराम में बीजेपी की एक रैली में आ रहे हैं और उससे पहले इस पथराव से जिला प्रशासन के कानून व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती है। प्रशासन ने तुरंत शांति-व्यवस्था कायम करने के लिए पूरे सासाराम शहर में धारा 144 यानी निषेधाज्ञा लागू कर दिया है। डीएम और एसपी पथराव की जगह पर पहुंच गए हैं और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।