उत्तर प्रदेश में ‘भगवा’ को लेकर राजनीति गरमा गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बाद अब केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता साध्वी निरंजन ज्योति ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साधा है। साध्वी ने मंगलवार को कहा कि प्रियंका को अपना सरनेम ‘गांधी’ से बदलकर फिरोज प्रियंका रख लेना चाहिए।
प्रियंका के द्वारा ट्वीट किए गए मंत्री पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नवरात्र में इस मंत्र के जरिए हवन करते है। भगवान करे कि अगर उनके मन में कोई गलत विचार हैं, तो उन्हें ज्ञान और सदबुद्धि दे। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी को भगवे की पहचान नहीं है, ये भगवा सनातन धर्म के संस्कार और संस्कृति का प्रतीक है।
मालूम हो कि प्रियंका गांधी के बयान के बाद इसके बाद मुख्यमंत्री की तरफ से भी जवाब आया है। सीएम ऑफिस के ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया, ‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबकुछ त्याग कर भगवा लोक सेवा के लिए धारण किया है। वे न केवल भगवा धारण करते हैं, बल्कि उसका प्रतिनिधित्व भी करते हैं। भगवा वेशभूषा लोक कल्याण और राष्ट्र निर्माण के लिए है और योगी जी उस पथ के पथिक हैं।
वहीं हरियाणा सरकार में मंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता अनिल विज ने कहा है कि जिसे अपने दादा के धर्म के बारे में कुछ भी नहीं पता हो, उसे हिंदू धर्म के बारे में क्या पता होगा। इसीलिए जरुरी है कि उन्हें अपने दादा के धर्म के बारे जानकारी प्राप्त करना चाहिए। उन्होंने यह टिप्पणी प्रियंका गांधी के बारे में की है। उनका कहना है कि प्रियंका गांधी काे हिंदू धर्म और भगवा के बारे में बोलने से पहले अपने धर्म और पूर्वजों के बारे में जानकारी प्राप्त करनी चाहिए।
गौरतलब है कि कल प्रियंका गांधी ने सीएम योगी पर निशाना साधते हुए कहा था कि , “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री जी ने योगी के वस्त्र धारण किए हैं, भगवा धारण किया है, मगर ये भगवा आपका नहीं है। ये भगवा हिन्दुस्तान की धार्मिक, आध्यात्मिक परंपरा का है। हिंदू धर्म का चिह्न है। उस धर्म को धारण करिए। उस धर्म में रंज, हिंसा और बदले की भावना की कोई जगह नहीं है।”