भारत में देश के महानायकों की मूर्तियां तोड़ने का मामला शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। आज राजस्थान के राजसमंद में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति तोड़े जाने का मामला सामने आया है। नाथद्वारा इलाके में शरारती तत्वों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के सिर को धड़ से अलग कर दिया। जिसके बाद इलाके में माहौल थोड़ा अशांत बना हुआ है। इस बारे में पुलिस को जानकारी दी जा चुकी है। मूर्ति के तोड़े गए पार्ट को कपड़े से ढक दिया गया है। लोगों में महात्मा गांधी की मूर्ति तोड़े जाने को लेकर आक्रोश है। इससे पहले केरल में महात्मा गांधी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया था। यहां पर बापू की प्रतिमा पर लगे चश्मे को क्षति पहुंचाई गई थी।
लोगों ने पुलिस को बताया कि हमने बीती रात तकरीबन एक बजे चार-पांच लोगों को मोहल्ले में आते देखा था। शायद उन्हीं ने बापू की मूर्ति को तोड़ा होगा। इससे पहले नार्थ ईस्ट के तीन राज्य त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड में विधानसभा चुनाव में माकपा के हारने के बाद बेलोनिया के एक शैक्षणिक संस्थान में रूसी क्रांति और वामपंथी विचारधारा के प्रतीक माने जाने वाले व्लादिमीर लेनिन की प्रतिमा जेसीबी मशीन से गिरा दी गई थी।
भीड़ उस दौरान भारत माता की जय के नारे लगा रही थी। लेनिन की मूर्ति तोड़ने की इस घटना के बाद देश के विभिन्न हिस्सों में महानायकों की मूर्तियों के साथ छेड़छाड़ की गई और उन्हें नुकसान पहुंचाया गया। इसके बाद तमिलनाडु में पेरियार और उत्तर प्रदेश में डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति को नुकसान पहुंचाने की खबर सामने आई। पश्चिम बंगाल में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की मूर्त पर कालिख पोती गई। बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित किया गया, इसके बाद बुधवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की एक मूर्ति के साथ छेड़छाड़ की गई है।